नई दिल्ली: फिल्म निर्माण की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। इसी दिशा में दिल्ली में AI तकनीक से बनने वाली हॉरर फिल्म ‘जमलोक’ का पहला पोस्टर लॉन्च किया गया। फिल्म में AI तकनीक और वास्तविक कलाकारों के अभिनय का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे कहानी को नए अंदाज में पर्दे पर उतारने की तैयारी है।
‘अनकैनी इंडिया’ फेस्टिवल में हुआ पोस्टर लॉन्च
फिल्म का पोस्टर दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित ‘अनकैनी इंडिया’ फेस्टिवल के दौरान जारी किया गया। इस फिल्म का निर्माण AI फिल्म निर्माण कंपनी कोयल और फिल्म प्रोडक्शन हाउस वेवबैंड प्रोडक्शन मिलकर कर रहे हैं। फिल्म को लगभग तीन महीने में पूरा करने और कई भाषाओं में रिलीज करने की योजना है।
फिल्म निर्माण में AI और कलाकारों की होगी अहम भूमिका
‘जमलोक’ में भावनात्मक दृश्यों को प्रभावी बनाने के लिए वास्तविक कलाकारों के अभिनय का सहारा लिया जाएगा। वहीं, फिल्म के सेट, बैकग्राउंड, अतिरिक्त किरदारों और कॉस्ट्यूम तैयार करने में AI तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस तरह फिल्म में मानवीय अभिनय और आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिलेगा।
एक दिन में AI से फिल्में बनाने का प्रयोग
‘अनकैनी इंडिया’ फेस्टिवल में AI की मदद से कम समय में फिल्में तैयार करने की पहल भी देखने को मिली। विज्ञापन फिल्म, म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्म की तीन श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। इन श्रेणियों से चुनी गई नौ फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई।
‘कोयल 3.0’ प्लेटफॉर्म भी लॉन्च
फेस्टिवल के दौरान कोयल का नया AI फिल्म निर्माण प्लेटफॉर्म ‘कोयल 3.0’ भी लॉन्च किया गया। इस प्लेटफॉर्म की मदद से स्क्रिप्ट या वॉयस रिकॉर्डिंग को फिल्म में बदला जा सकता है। इसमें किरदारों और लोकेशन की दृश्य निरंतरता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।