पीलीभीत। पूरनपुर-खुटार हाईवे पर सोमवार को चीनी मिल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सामने से आ रहे डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के सितारगंज थाना क्षेत्र के शक्तिफार्म निवासी सनातन अपने परिवार के साथ कार से शाहजहांपुर के खुटार की ओर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी साधना, 15 वर्षीय बेटा शांतनु, 17 वर्षीय बेटी खुशबू, चाचा तारष और एक अन्य वृद्ध महिला सवार थीं।

जैसे ही कार पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में चीनी मिल के पास पहुंची, सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

हादसे में साधना और एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे तारष गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

हादसे में सनातन, शांतनु और खुशबू घायल हुए हैं। खुशबू की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर क्षतिग्रस्त कार और डंपर खड़े होने से यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालने और वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है। एक ही परिवार की यात्रा अचानक मातम में बदल गई और हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।