हापुड़, 5 अक्टूबर। दिल्ली रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित हुई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि 8 अक्टूबर को नगरपालिका परिषद स्थित गांधी पार्क में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कांग्रेस कार्यकर्ता एक दिवसीय भूख हड़ताल कर सत्याग्रह करेंगे।
राकेश त्यागी ने कहा कि यह सत्याग्रह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में वोटर लिस्ट और ईवीएम से छेड़छाड़ के जरिए वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को नई दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। इसके बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने तथा प्रधानमंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग का प्रस्ताव पारित किया गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं।
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने 3 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ कथित अभद्रता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है और कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस दौरान पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पिलखुवा नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, डॉ. वीसी शर्मा, आईसी शर्मा, रश्मि चौधरी, रामप्रसाद जाटव, कपिल शर्मा, नरेश भाटी, गौरव गर्ग, एडवोकेट फुरकान, आदेश शर्मा, सुधीर शर्मा, बॉबी त्यागी, गोपाल भारती, महबूब अली सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।