द्वितीय चरण के लिए नियमित सहायकों एवं तकनीकी सहायकों का जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
नागौर : देश की 16वीं जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत नागौर जिले में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों के लिए स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प प्रस्तावित है। इस दौरान नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत प्रत्येक चार्ज स्तर से नियमित सहायकों एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय जिला स्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के मुख्य सत्र को संबोधित करते हुए उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) राम कुमार राव ने जनगणना-2027 के तकनीकी स्वरूप एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना का संपूर्ण कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके प्रबंधन एवं रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए निर्धारित सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षक डी.आर. गांधी ने द्वितीय चरण के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं समय-सीमा की जानकारी देते हुए बताया कि 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक स्वगणना का विकल्प प्रस्तावित है। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एवं डिजिटल माध्यम से जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। वहीं, आंकड़ों के सत्यापन के लिए 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण चरण (रिवीजन राउंड) प्रस्तावित है।
उप निदेशक राव ने प्रत्येक चार्ज स्तर पर संपादित किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए क्षेत्र प्रशिक्षकों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने प्रशासनिक एवं तकनीकी दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने सीएमएमएस पीई मॉड्यूल के अंतर्गत ईबी (एन्यूमरेशन ब्लॉक) तैयार करने, एचएलबी से ईबी ब्लॉक का विभाजन करने, ऑनलाइन स्वगणना की मॉनिटरिंग करने तथा फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान संबंधी सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षक स्वरूपाराम, जिला जनगणना प्रकोष्ठ के प्रोग्रामर जयदीप चारण, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुशील चौधरी, सांख्यिकी निरीक्षक अंकुश धाभाई, रमेश इनानिया सहित विभिन्न चार्ज स्तरों से नियमित सहायक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।