नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार, भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बंगाल में चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र और जनता के अधिकारों को लूटा गया है।

"हम छोड़ेंगे नहीं, जिंदगी देंगे"

ममता बनर्जी ने कहा कि वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, "हम छोड़ेंगे नहीं, जिंदगी देंगे, हम लड़ेंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल को लूट लिया गया है और कहा कि वह लोकतंत्र को बचाएंगी।

"काउंटिंग वैनिश की गई, हमें हराया गया"

चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटे गए और इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ वोट ही नहीं, पूरी काउंटिंग को ही "वैनिश" कर दिया गया। उन्होंने कहा, "हम हारे नहीं, हमको हराया गया है।"

"नौकरी लूटी, जिंदगी लूटी, मां-बहनों का सम्मान लूटा"

भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नौकरियां लूटी गईं, जिंदगियां लूटी गईं और माताओं-बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के सम्मान की चोरी की गई।

ज्ञानेश कुमार पर तंज, "भाजपा का साथ, सबका सत्यानाश"

मुख्य चुनाव आयुक्त पर तंज कसते हुए ममता ने अपने भाषण में "ज्ञानेश कुमार जी, वैनिश-वैनिश" कहा। भीड़ से संवाद के अंदाज में उन्होंने पूछा, "तुम्हारे पीछे कौन है?" और खुद ही जवाब दिया, "बीजेपी।" भाषण के अंत में उन्होंने नारा दिया, "भाजपा का साथ, सबका सत्यानाश।"