नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में आयोजित इंडिया ब्लॉक की रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। वोट चोरी और एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए इस लड़ाई को महाभारत की संज्ञा दी।
"वोट चोरों के लिए महाभारत"
रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वैसे तो रामलीला मैदान में रामलीला का आयोजन होता है, लेकिन इस बार वोट चोरों के लिए महाभारत का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज शकुनी अपना खेल खेल रहे हैं, इसलिए विपक्ष को कुरुक्षेत्र में उतरना पड़ रहा है।
"देशद्रोह का मुकदमा चले"
तेजस्वी ने मांग की कि संबंधित लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी की हिम्मत न हो कि वह देश के लोकतंत्र को खत्म कर सके।
"कौन वोट देगा, यह तय कर रहे हैं"
राजद नेता ने आरोप लगाया कि आज कुछ लोग यह तय कर रहे हैं कि देश में कौन वोट देगा और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि संवैधानिक संस्थाएं न्याय नहीं कर रही हैं।