नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित INDIA ब्लॉक की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की ऐसी विदाई होगी, जिसे पूरा देश देखेगा।

"यूपी की जनता ही दिखाएगी बाहर का रास्ता"

रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली की सत्ता तक पहुंचने वालों को यूपी की जनता ही सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत के साथ-साथ विदाई भी अच्छे से करना जानते हैं।

रामलीला मैदान को बताया 'हल्दीघाटी'

सपा प्रमुख ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की 'हल्दीघाटी' करार दिया। उनके इस बयान को आने वाले चुनावों से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

मंच पर जुटा विपक्ष का कुनबा

रैली में विपक्ष के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। मंच पर सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। विपक्षी नेता और कार्यकर्ता मिंटो रोड से मार्च करते हुए रैली स्थल पहुंचे। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग उठाई गई।

सपा ने झोंकी थी पूरी ताकत

गौरतलब है कि रैली में उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के लिए सपा ने पहले ही तीन रैली प्रभारी नियुक्त किए थे। पार्टी का फोकस संगठनात्मक ताकत और विपक्षी एकजुटता का संदेश देने पर रहा।