गोरखपुर। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ कन्याओं के पांव पखारे, तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने बटुक पूजन भी किया।

पूजन के बाद सीएम योगी ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन प्रसाद परोसा तथा दक्षिणा और उपहार भेंट किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और सभी को पर्याप्त प्रसाद मिलने का ध्यान रखा।

इस अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित अनेक साधु-संत उपस्थित रहे। कन्या पूजन से पूर्व मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की।