नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की PMLA कोर्ट ने समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सवाल खड़े किए और उनके खिलाफ भी जांच की मांग की।

"अपराध और भ्रष्टाचार की सजा मिल रही"

आजम खान के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें न तो मुसलमान होने की सजा मिल रही है और न ही यूनिवर्सिटी बनाने की। उनके मुताबिक, आजम खान ने जो अपराध और भ्रष्टाचार किए हैं, उन्हीं की सजा उन्हें मिल रही है।

"अखिलेश को भी जांच के दायरे में लाया जाए"

उप-मुख्यमंत्री ने मांग की कि अखिलेश यादव को भी जांच के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि आजम खान अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री थे और यदि उनकी सरकार के रहते इस तरह की गड़बड़ियां हुई हैं, तो तत्कालीन मुख्यमंत्री की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।