इटावा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान की गिरफ्तारी और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

"हटाना पड़ेगा"

शिवपाल यादव जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कवि सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने आजम खान के मामले और ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं के खिलाफ किया जा रहा है।

सरकार पर हमला बोलते हुए शिवपाल ने कहा, "ऐसी जुल्मी सरकार के लिए बोलना पड़ेगा, हटाना पड़ेगा।" उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

"सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार"

शिवपाल यादव ने विपक्षी एकजुटता और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और कार्रवाई पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, और यदि किसी कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं तो उसकी निष्पक्षता सुनिश्चित होनी चाहिए।

सपा लगातार हमलावर

आजम खान के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार सरकार पर हमलावर है। शिवपाल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश की राजनीति में आजम खान का मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि इस बयान पर भाजपा और सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।